उत्तराखंड; यमुना नदी में गिरी कार, छह लोगों की मौत!

उत्तरकाशी के मोरी से बीमार युवक को उपचार के लिए देहरादून लेकर आ रहे छह लोगों की कार यमुना नदी में गिरने से मौत हो गई। मृतकों में बीमार युवक, उसकी पत्नी व बड़ा भाई, दो ग्रामीण और कार चालक शामिल है। हादसा नैनबाग में अगलाड़ पुल के पास हुआ। इसका पता घटना के करीब 16 घंटे बाद बुधवार शाम को तब चला, जब जंगल में बकरी चराने गए स्थानीय ग्रामीणों की नजर कार पर पड़ी।

जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां मोड़ है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा और कार नदी में जा गिरी। कैम्प्टी थाना पुलिस के अनुसार, शाम लगभग चार बजे सूचना मिली कि एक कार यमुना नदी में गिरी है। कार में एक महिला समेत छह लोगों के शव मिले। जांच में पता चला कि मंगलवार रात मोरी के मोताड़ गांव निवासी राजपाल सिंह (28) को पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई।