WPL: गुजरात हुई पस्त; लगातार जीत के साथ दिल्ली अंकतालिका में टॉप पर!

कप्तान मेग लैनिंग (55) के अर्धशतकीय पारी के बाद जोस जोनासन और राधा यादव की दमदार गेंदबाजी से दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को 25 रन से हरा दिया। दिल्ली ने आठ विकेट पर 163 रन बनाने के बाद गुजरात की पारी को आठ विकेट पर 138 रन पर रोक दिया। दिल्ली की चार मैचों में यह तीसरी जीत है और टीम तालिका में शीर्ष पर पहुंच गयी है। गुजरात की टीम को इतने ही मैच के बाद अब भी पहली जीत का इंतजार है।

लैनिंग ने 41 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 55 रन की पारी खेली। उन्हें एलिस कैपसी (17 गेंद में 37 रन) का अच्छा साथ मिला। प्लेयर ऑफ द मैच जोनासन ने गेंद से कमाल करने से पहले बल्ले से भी सात गेंद में 11 रन का योगदान दिया। गुजरात के लिए मेघना सिंह ने 37 रन देकर चार विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात के लिए एश्लीघ गार्डनर के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर करने में विफल रहा। गार्डनर ने 31 गेंद में 40 रन का योगदान दिया।