दिल्ली: मयूर विहार के बाजार में घुसी बेकाबू कैब, महिला की मौत; कई लोग घायल

पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र स्थित मयूर विहार फेस-3 में बुधवार रात एक अनियंत्रित हुई कैब ने एक के बाद एक करीब 10 लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया।

भीड़ ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में कैब को भी पूरी तरह तोड़ दिया गया। उधर मौके पर मौजूद लोगों ने निजी वाहनों से घायलों को एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां एक महिला को मृत घोषित कर दिया गया। मृतका की शिनाख्त हयात नगर, खोड़ा कालोनी, गाजियाबाद निवासी सीता देवी (22) के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस को मौके पर बुला लिया गया। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। अस्पताल में दो लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। देर रात तक लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा था। हादसे का शिकार हुई महिला सीता देवी परिवार के साथ खोड़ा कालोनी में रहती थी।