अयोध्या: लगभग 500 साल बाद भव्य महल में होली खेलेंगे रामलला, लगेंगे 56 भोग!

रामनगरी में इस बार राममंदिर की होली सभी के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। 495 साल बाद रामलला की होली भव्य महल में होने जा रही है। इसलिए रामलला के दरबार में धूमधाम से होली मनाने की तैयारी है। ट्रस्ट ने इसकी योजना बनानी भी शुरू कर दी है। होली का स्वरूप क्या होना चाहिए, इस पर पुजारियों से चर्चा चल रही है।

श्रीरामजन्मभूमि के पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि इस बार भक्तों को रामलला के साथ होली खेलने का अवसर मिले, ऐसी तैयारी की जा रही है। रामलला को नए वस्त्र धारणकराकर विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाया जाएगा। 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाकर भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसके बाद अबीर-गुलाल अर्पित कर होली का उत्सव मनाएंगे। इस बार राममंदिर के गर्भगृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, होली के गीतों व पदों का गायन होगा।