मुख्तार अंसारी को कड़ी सुरक्षा के बीच किया गया सुपुर्द-ए-खाक, जनाजे में शामिल हुए हजारों लोग!

मुख्तार अंसारी को कड़ी सुरक्षा के बीच सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। कालीबाग कब्रिस्तान में मां की कब्र के पास उसे दफनाया गया। इस दौरान भारी संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ी। जनाजे की नमाज के दौरान लोग कब्रिस्तान के भीतर जाने के लिए होड़ मचाते दिखे। बेटे उमर अंसारी और भाई अफजाल अंसारी की मौजूदगी में प्रक्रिया पूरी कराई गई। जनाजे के दौरान हजारों की भीड़ में लोग शामिल हुए। जब जनाजा कब्रिस्तान के अंदर चला गया तो वहां पर पांच हजार से अधिक लोग जनाजे में शामिल थे।

माफिया मुख्तार अंसारी को दफनाए जाने के बाद गाजीपुर सांसद और उसके भाई अफजाल अंसारी कब्रिस्तान से बाहर आए। वहां लोगों को भीतर जाने देने के लिए प्रशासन से मांग की। मुख्तार के बहनोई व्हील चेयर से कब्रिस्तान पहुंचे। वे भी मिट्‌टी डालकर बाहर निकले। धीरे-धीरे लोगों को भीतर जाकर मिट्‌टी डालने जाने देने का मौका दिया गया।

बता दें  गुरुवार की देर रात मुख्तार अंसारी के निधन के बाद शुक्रवार को दिन भर पूर्वांचल के माफिया की बांदा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चली। इसके बाद मुख्तार का शव परिजनों को सौंपा गया।