देशभर में आज धूमधाम से मनाई जा रही ईद, राष्ट्रपति व PM ने देशवासियों को दीं शुभकामनाएं!

आज देशभर में ईद-उल-फितर धूमधाम से मनाई जा रही है। कल देश में शव्वाल महीने का चांद नजर आया। वहीं, कई राज्यों में कल भी ईद मनाई गई। गुरुवार को दिल्ली के जामा मस्जिद में काफी संख्या में लोग पहुंचे और एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। ईद पर मुस्लिम समाज के लोगों ने ईदगाह में ईद की नमाज अदा कर अमन की दुआ मांगी। मुस्लिम समाज के लोग नए-नए परिधानों को पहन कर ईदगाह एवं मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे। नमाज के बाद सभी ने एक दूसरे से गले मिलकर अमन एवं चैन की दुआ की।

एक माह चले पवित्र रमजान के बाद बुधवार शाम आखिर ईद के चांद के दीदार हो गए इसलिए देश के अधिकांश हिस्सों में आज ईद मनाई जा रही है। दिल्ली की जामा मस्जिद और फतेहपुरी मस्जिद के इमामों ने दिल्ली समेत देशभर में चांद देखे जाने की तस्दीक कर दी। चांद देखे जाने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। इसके बाद लोग ईद की खरीदारी में मशगूल हो गए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ईद की दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सभी देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा, “मैं सभी देशवासियों, विशेष रूप से मुस्लिम भाइयों और बहनों को ईद-उल-फ़ित्र की मुबारकबाद देती हूँ। रमजान के पावन महीने के बाद मनाये जाने वाले इस पर्व से एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना का संचार होता है। खुशियां बांटने का यह त्योहार क्षमा और दान करने की प्रेरणा देता है। मैं इस पवित्र अवसर पर कामना करती हूँ कि हमारा देश निरंतर प्रगति के मार्ग पर बढ़े और सब देशवासी सदा अमन-चैन से रहें।”

पीएम मोदी ने दी ईद की बधाई

ईद के मौके पर पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया पर आपसी भाईचारे को बढ़ने की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि ये त्योहार एकजुटता और शांति की भावना फैलाए। पीएम मोदी ने सभी लोगों की खुशी और स्वस्थ रहने की भी कामना की।