हरियाणा: महेंद्रगढ़ में ईद के दिन स्कूल बस पलटी: छह बच्चों की मौत व 15 घायल!

हरियाणा के महेंद्रगढ़ में दर्दनाक हादसा हुआ। जिसमें 6 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। यहां गुरुवार(11 अप्रैल) सुबह एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 35 से 40 बच्चे सवार थे। हादसे के बाद इनमें से 6 बच्चों की हालत गंभीर थी, जिन्हें नजदीकी अस्पताल भेजा गया, लेकिन 5 बच्चों की तब तक मौत हो चुकी थी। इन 6 बच्चों में से एक गंभीर रूप से घायल था, जिसे इलाज के दौरान वेंटिलेटर पर रखा गया। हालांकि, कुछ देर बाद 6वें बच्चे ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक हादसा महेंद्रगढ़ जिले के कनीना कस्बे में हुआ है। हादसे का शिकार होने वाली बस एक निजी स्कूल की है। हादसे में करीब 15 बच्चे घायल हुए हैं। हादसा कनीबा कस्बे के नजदीक कनीना-दादरी सड़क मार्ग पर हुआ है।

हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो.रामबिलास शर्मा कनीना स्कूल बस दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों का हाल-चाल जानने के लिए अस्पताल में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों  को सांत्वना दी। जानकारी के अनुसार हादसे में पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के भांजे पूर्व सरपंच संजय शर्मा के पुत्र का भी निधन हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने बच्चों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है।