पहले चरण का प्रचार थमा, 102 सीटों के लिए कल डाले जाएंगे वोट!

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार बुधवार शाम थम गया। इस चरण में 19 अप्रेल को 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। आठ केंद्रीय मंत्री, दो पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व राज्यपाल उन नेताओं में शामिल हैं, जिनकी चुनावी किस्मत का फैसला पहले चरण में होगा। इस चरण की सीटों में राजस्थान की 25 में से 12, मध्य प्रदेश की 29 में से छह, छत्तीसगढ़ की 11 में से एक, उत्तर प्रदेश की 80 में से आठ और महाराष्ट्र की 48 में से पांच सीटें शामिल हैं। तमिलनाडु की सभी 39 सीटों के लिए मतदान होगा।

कड़े सुरक्षा प्रबंध

कुछ संवेदनशील इलाकों को छोडक़र 19 अप्रैल को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोटिंग होगी। चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बल की तैनाती की गई है।

इन राज्यों में होगी पोलिंग

अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह पुड्डुचेरी, जम्मू-कश्मीर और लक्षद्वीप।