यूपी: बदायूं में बारात में रूठे फूफा ने दौड़ाई कार; लोगों को रौंदकर भागा, 5 गंभीर!

बदायूं: बीती रात उझानी नगर के ग्रीन पैलेस में बरेली से एक बरात आई थी। बरात चढ़त के दौरान दूल्हे के फूफा की कुछ बरातियों से नशे में झड़प हो गई। इससे फूफा गुस्सा गए और जाने लगे। कार में सवार हो गए। उन्हें रोकने कुछ बराती आगे भी बढ़े, लेकिन फूफा नहीं माने। कार स्टार्ट कर तेजी से दौड़ा दी जिससे सामने खड़े पांच लोगों को रौंद दिया। पांचों लोगों की हालत गंभीर है। उनका उपचार सीएचसी उझानी में कराया जा रहा है।

उझानी थाना क्षेत्र के गांव अढौली निवासी एक बेटी की शाादी बरेली बिसारतगंज में तय हुई थी। शुक्रवार रात बाईपास पर स्थित समारोह स्थल एसएस ग्रीन पैलेस में बरात आई थी। बरात चढ़ रही थी। इसी दौरान बरेली के दूल्हे के फूफा बरेली के बिसारतगंज निवासी हरेंद्र साहू का शराब के नशे में कुछ बरातियों से विवाद हो गया।

इस पर हरेंद्र ने बखेड़ा शुरू कर दिया और नाराज होकर कार में बैठ कर जाने लगे। कार को स्टार्ट करने के दौरान कुछ लोग उनकी मान मनौती करने लगे। लेकिन हरेद्र ने अपनी कार स्टार्ट कर तेज गति से आगे बढ़ा दी। जिससे कार के सामने खड़े पांच लोगों को रौंदते हुए वह चले गए।

इस घटनाक्रम के बाद बारात में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया। यहां घायल राजेश समेत उसकी 10 साल की बेटी कुमकुम निवासीगण गांव गोहरा समेत सोरों कोतवाली इलाके के मानपुर नगरिया गांव का सत्यनाराण व नवीन के साथ बरेली के सिरौली के गांव पट्टी निवासी सुनील कुमार (30), बदायूं के बिसौली निवासी जगपाल (18), अढ़ौली गांव का नितिन, अनमोल, रामलीलानगला का आकाश आदि घायल हुए। सभी को सीेएचसी लाया गया, यहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। जबकि आकाश को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा। हालांकि आधी रात तक उसकी हालत में भी सुधार आया तो परिजन उसे डिस्चार्ज कराकर ले गए।

पुलिस कर रही जांच, दर्ज होंगे बयान
एसएसआई मनोज कुमार ने बताया कि घायल आकाश के पिता महेश की ओर से मामले की तहरीर मिली है। इसी आधार पर जांच की जा रही है। लड़की पक्ष का बयान दर्ज कर कार दौड़ाने के आरोपी का पता लगाया जाएगा।