बदायूं में 70 साल के बुजुर्ग ने 4 साल की बच्ची से किया दुष्कर्म!

बदायूं के उझानी इलाके में 70 साल के बुजुर्ग ने शनिवार शाम अपने घर में पड़ोसी की चार वर्षीय मासूम बेटी से दुष्कर्म किया। बदहवास हाल में अपने घर लौटी मासूम को उसकी मां ने देखा तो उनके होश उड़ गए। उसने पति के लौटने पर घटना के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस ने दुष्कर्म की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी टीकाराम को गिरफ्तार कर लिया।

मासूम बच्ची शनिवार को पड़ोसी टीकाराम के घर के पास खेल रही थी। आरोप है कि घर में अकेले बुजुर्ग टीकाराम ने बच्ची को गोद में उठा लिया। उसे अपने घर ले गया, जहां उसके साथ हैवानियत की। एक अन्य बच्ची के शोर मचाने पर मां मौके पर पहुंच गई। वह अपनी बेटी को घर लेकर लौटी तो उसके गुप्तांग से खून बहता नजर आया। उस वक्त मासूम बच्ची का पिता घर पर नहीं था।

अगले दिन शाम को बच्ची का पिता घर लौटा तो पत्नी से जानकारी मिलते ही वह पहले इलाके की पुलिस चौकी पर पहुंचा, फिर कोतवाली आकर तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि टीकाराम के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। मासूम बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।