आगरा; शक के चलते पति ने पत्नी को जिंदा जला डाला; 7 माह पहले की थी लव मैरिज!

आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र के बापू नगर में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। सात माह पहले लव मैरिज करने वाले युवक ने अपनी पत्नी को जिंदा जला दिया। इसके बाद पत्नी की हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश की। पुलिस ने जब पति से पूछताछ की तो हकीकत सामने आई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसने दूसरे युवक से बात करने के शक पर पत्नी पर केरोसिन डाल आग लगा दी थी। खंदारी के बापू नगर खंदारी निवासी मुस्कान की पड़ोस में रहने वाले अमन से दोस्ती थी। एक साल पहले उसके परिजन को जानकारी हुई। मुस्कान अमन के साथ ही शादी करने की जिद पर अड़ गई थी। ऐसे में दोनों के परिवारीजनों ने उनकी सात महीने पहले शादी करा दी। शादी के पांच महीने अमन मुस्कान को लेकर अपने घर रहा। दो महीने पहले पत्नी के साथ किराए के मकान में रहने लगा।

गुरुवार रात 8 बजे अमन ने मुस्कान के भाई को फोन किया। उसने कहाकि मुस्कान ने मिट्‌टी का तेल डालकर आग लगा ली है। भाई को मौके पर बहन का शव जला हुआ मिला। कमरे में मिट्टी के तेल की कैन पड़ी थी।

परिजनों ने जताया था शक

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के परिजनों ने बताया था कि दो माह से अमन और मुस्कान के बीच में झगडे़ हो रहे थे। बहन ने फोन पर बताया था कि अमन उसके साथ मारपीट करता है। शक के आधार पर पुलिस ने अमन को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ करने पर आरोपी फूट-फूटकर रोने लगा। उसने बताया कि मुस्कान अलीगढ़ के किसी लड़के से फोन पर बात करती थी। उसने पत्नी को ऑनलाइन रुपए भी भेजे थे। उसने विरोध किया तो पत्नी उस पर दबाव बनाने लगी कि अब अलीगढ़ में ही रहेंगे। इस बात पर उसे गुस्सा आ गया। उसने मिट्टी का तेल डालकर पत्नी को जला दिया। हरीपर्वत थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर अमन को गिरफ्तार किया गया है।

मृतका के भाई अखलाख ने बताया कि अमन और मुस्कान उनके घर से चंद कदम की दूरी पर रहते थे। गुरुवार शाम को अमन का फोन आया था। उसने कहा था कि अपनी बहन को ले जाओ, नहीं तो बहुत गलत हो जाएगा। मैंने कहा था कि अभी मम्मी घर में नहीं है। उनके आते ही घर पर आता हूं। मुश्किल से 15 मिनट हुए होंगे कि मोहल्ले के लोगों ने बताया कि मुस्कान जल गई है। हम घर पहुंचे तो देखा बहन दरवाजे पर पूरी तरह से जली पड़ी थी।

दो माह से हो रहा था विवाद
मृतका के भाई ने बताया कि पिछले दो माह से दोनों के बीच में विवाद हो रहा था। उन्होंने बहन और अमन दोनों से पूछा था कि कोई बात हो तो बताओ, लेकिन दोनों कुछ नहीं बोलते थे। अमन भी कई बार घर आया, लेकिन उसने आज तक कुछ नहीं बताया। अगर, बहन किसी से बात कर रही थी तो उसे बताना चाहिए था। उसे साथ नहीं रखना था तो भी बताता। हम अपनी बहन को अपने साथ रखते।