अमरोहा: पटाखा फैक्ट्री में बिस्फोट; 5 लोग झुलसे!

अमरोहा: रजबपुर थाना क्षेत्र में अमरोहा अतरासी मार्ग पर पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह आग लग गई। तेज धमाके के साथ लगी आग के बाद आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। बारूद फैक्ट्री के चारों तरफ बाहर को आकर गिरा, जिससे वहां झाड़ियों में भी आग लग गई।

घटना में फैक्ट्री में काम करने वाले पांच लोग घायल हुए हैं। दो घायलों को दिल्ली रेफर किया गया है तथा तीन का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। डीएम आरके त्यागी ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना। वहीं पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना स्थल का दौरा कर जानकारी जुटाई।

फैक्ट्री में तैयार होते थे पटाखे

अतरासी रोड पर गांव सूदनपुर के पास यह फैक्ट्री हापुड़ के मुहल्ला शिवगढ़ी निवासी कामरान अहमद की है। क्षेत्र के गांव अतरासी निवासी मोहम्मद आसिम का मकान किराए पर लेकर पांच साल पहले कामरान ने यह फैक्ट्री शुरू की थी। यहां पर पटाखे तैयार कर भंडारण किया जाता था। जिसकी क्षमता एक हजार किलो भंडारण की थी।

यहां पर हापुड़ के मुहल्ला शिवगढ़ी निवासी भोला रहता था तथा काम भी करता है। जबकि फैक्ट्री स्वामी का भी आना-जाना रहता था। शुक्रवार सुबह फैक्ट्री में भोला के साथ ही गांव मंगूपुरा निवासी ममता व रीता तथा देवीपुरा निवासी अनीता व मनीषा काम कर रहे थे। इस दौरान वहां रखे पटाखों में अचानक आग लग गई। अभी काम करने वाले सभी श्रमिक कुछ समझ पाते वहां तेज धमका हो गया।