उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री; पहली बारिश में भीगा रुहेलखंड, बरेली मंडल में यलो अलर्ट!

मानसून ने मंगलवार शाम को उत्तर प्रदेश में एंट्री ले ली। पहली बार मानसून ललितपुर के रास्ते दाखिल हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून 2-3 दिनों में पूर्वी प्रदेश के ज्यादातर जिलों में पहुंच जाएगा। इससे पहले मंगलवार दिन में मानसून राजस्थान में दाखिल हुआ था।

बरेली में मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे मौसम ने करवट ली। आसमान में काले बादल छा गए। करीब एक बजे बारिश शुरू हो गई। अधिकतम तापमान में आई गिरावट के कारण लू का प्रकोप पहले ही समाप्त हो गया था। अब मानसून की पहली बारिश राहत लेकर आई। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम सुहावना हो गया है। बरेली शहर में मानसून की पहली बारिश में बच्चे और युवा मस्ती करते नजर आए। मौसम विभाग ने बरेली समेत मंडल के चारों जिलों में अगले चार दिन के लिए बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए 21 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात, गोवा, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं।

मानसून 3 जुलाई तक दिल्ली-पंजाब को कवर करेगा

अनुमान है कि 1-2 दिन में मानसून पूरे मध्य प्रदेश, पूरे बिहार, पूरे झारखंड, पूरे पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से को कवर कर लेगा। 27 जून तक मानसून दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में एंट्री ले सकता है और 3 जुलाई तक इन राज्यों को पूरी तरह कवर करके आगे बढ़ेगा।