भारत में तेंदुओं की स्थिति पर रिपोर्ट जारी, तेंदुओं की सबसे ज्यादा आबादी मध्यप्रदेश में!

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने भारत में तेंदुओं की स्थिति पर जारी अपनी नई रिपोर्ट में जानकारी दी है कि देश में तेंदुओं की आबादी करीब 13,874 है। गौरतलब है कि तेंदुओं की यह आबादी 2018 में 12,852 दर्ज की गई थी। मतलब की इस दौरान तेंदुओं की आबादी में 7.95 फीसदी का इजाफा हुआ है।

यह आंकड़े दर्शाते हैं कि देश में तेंदुओं की आबादी स्थिर बनी हुई है। वहीं देश में इनकी आबादी में होती सालाना वृद्धि की बात करें तो वो 1.08 फीसदी दर्ज की गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक देश में तेंदुओं की सबसे ज्यादा आबादी मध्यप्रदेश में है जहां इनकी कुल संख्या 3,907 दर्ज की गई है। इसके बाद महाराष्ट्र में 1985, कर्नाटक में 1,879, और तमिलनाडु में 1,070 तेंदुएं हैं।

इसी तरह जहां छत्तीसगढ में इनकी आबादी 722 दर्ज की गई, वहीं राजस्थान   में 721, उत्तराखंड में 652, केरल में 570, आंध्र प्रदेश में 569, ओडिशा में 568, उत्तरप्रदेश में 371, तेलंगाना में 297, पश्चिम बंगाल में 233, बिहार में 86, गोवा  में 77, असम में 74, झारखंड में 51 और अरूणाचल प्रदेश में 42 तेंदुओं का पता चला है।

शिवालिक पहाड़ियों और गंगा के मैदानी इलाकों में घटी है तेंदुओं की संख्या

आंकड़ों के मुताबिक मध्य भारत में तेंदुओं की आबादी स्थिर बनी हुई है। जहां करीब 8820 तेंदुओं का पता चला है। वहीं दूसरी तरफ शिवालिक पहाड़ियों और गंगा के मैदानी इलाकों में इनकी संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। जहां 2018 में इनकी आबादी 1,253 दर्ज की गई थी जो 2022 में घटकर 1,109 रह गई है।

रिपोर्ट के अनुसार इन क्षेत्रों में तेंदुओं की आबादी में प्रतिवर्ष 3.4 फीसदी की दर्ज से गिरावट देखी गई है। वहीं सबसे बड़ी वृद्धि दर मध्य भारत और पूर्वी घाट में दर्ज की गई जो 1.5 फीसदी रही।

इस बारे में जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक यह अनुमान तेंदुए के 70 फीसदी आवास को कवर करते हैं। हालांकि हिमालय और अर्ध-शुष्क क्षेत्रों में जहां बाघ नहीं रहते हैं, उनको इस सर्वेक्षण में शामिल नहीं किया गया है।

भारत ने पांचवें चक्र में तेंदुओं की आबादी का यह आंकलन राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण और भारतीय वन्य जीव संस्थान के साथ-साथ राज्य वन विभागों के सहयोग से किया है। भारत में तेंदुए की आबादी के आकलन का पांचवां चक्र 18 राज्यों के भीतर इनके आवासों पर केंद्रित है।

6 लाख 41 हजार किलोमीटर तक पैदल सर्वे हुआ, 4 करोड़ तस्वीरें प्राप्त हुईं

भारत में तेंदुए की आबादी के आकलन का पांचवां चक्र (2022) 18 बाघ राज्यों के भीतर वन आवासों पर केंद्रित है, जिसमें चार प्रमुख बाघ संरक्षण परिदृश्य शामिल हैं। 2000 एमएसएल (30 प्रतिशत क्षेत्र) से ऊपर गैर-वन निवास, शुष्क और उच्च हिमालय में तेंदुए के लिए नमूना नहीं लिया गया था। इस चक्र के दौरान शिकार के अवशेषों और शिकार की बहुतायत का अनुमान लगाने के लिए 6,41,449 किमी तक पैदल सर्वेक्षण किया। कैमरा ट्रैप को रणनीतिक रूप से 32,803 स्थानों पर रखा गया था, जिससे कुल 4,70,81,881 तस्वीरें आईं और इनमें से तेंदुए की 85,488 तस्वीरें प्राप्त हुईं।