लोकसभा चुनाव; बीजेपी ने जारी की 72 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट!

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में 72 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया गया है। इसमें कई केंद्रीय मंत्रियों के भी नाम हैं। 72 उम्मीदवारों की दूसरी सूची में नागपुर से नितिन गडकरी और हमीरपुर से अनुराग ठाकुर को टिकट दिया गया है। एक दिन पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने वाले मनोहर लाल करनाल से चुनाव लड़ेंगे।

सूची में दिल्ली की दो लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार उतारे गए हैं। इसके अलावा दादर एवं नगर हवेली की एक, गुजरात की सात, हरियाणा की छह, हिमाचल प्रदेश की दो, कर्नाटक की 20, मध्य प्रदेश की पांच, महाराष्ट्र की 20, तेलंगाना की छह, त्रिपुरा की एक और उत्तराखंड की दो लोकसभा सीट के लिए प्रत्याशी उतारे गए हैं। सूची में 14 महिला उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा गया है।

मध्यप्रदेश की बाकी बची 5 सीटों पर भी..

सूची में 72 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया गया है। इनमें मध्यप्रदेश की बाकी बची 5 सीटों पर भी प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है।

इंदौर से शंकर लालवानी और उज्जैन से अनिल फिरोजिया को टिकट दिया गया है। छिंदवाड़ा से विवेक बंटी साहू, बालाघाट से भारती पारधी और धार से सावित्री ठाकुर को प्रत्याशी बनाया गया है।

छिंदवाड़ा से बीजेपी ने विवेक बंटी साहू को प्रत्याशी बनाया है। उनका मुकाबला छिंदवाड़ा के मौजूदा सांसद और पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ से होगा। विवेक बंटी साहू भाजपा के जिला अध्यक्ष हैं। वह 2019 में छिंदवाड़ा सीट पर उपचुनाव में कमलनाथ के खिलाफ चुनाव लड़े थे। तब वे करीब 25 हजार वोटों से हार गए थे।

दो मौजूदा सांसदों को फिर मैदान में उतारा

बीजेपी ने अपनी दूसरी लिस्ट में मध्यप्रदेश में दो मौजूदा सांसदों को रिपीट किया है। इंदौर से सांसद शंकर लालवानी और उज्जैन से अनिल फिरोजिया को टिकट दिया गया है। इंदौर प्रत्याशी लालवानी पूर्व में एक बार बीजेपी नगर अध्यक्ष रह चुके, एक बार आईडीए अध्यक्ष रहे, एक बार नगर निगम सभापति और 3 बार पार्षद रहे।

उज्जैन से बीजेपी प्रत्याशी अनिल फिरोजिया बजरंग दल में नगर संयोजक से लेकर जिला और मध्य भारत के प्रांत उपाध्यक्ष रह चुके हैं। भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, प्रदेश मंत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष की भूमिका निभा चुके हैं।

इंदौर और उज्जैन सीट पर कांग्रेस ने अभी अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं।