केजरीवाल की गिरफ्तारी पर आप का प्रदर्शन; हिरासत में लिए गए कई कार्यकर्त्ता!

आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता व नेता आज राजधानी में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के बाहर प्रदर्शन के दौरान आप नेता और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं भाजपा कार्यकर्ता भी सीएम के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

आप कार्यकर्ताओं ने सड़क पर लेटकर चक्का जाम करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान आप कार्यकर्ता केजरीवाल को रिहा करो… केजरीवाल को रिहा करो के नारे लगा रहे हैं। मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिड़ला भी पहुंची हैं।

हरियाणा भाजपा कार्यालय का किया घेराव-

आम आदमी पार्टी ने रोहतक स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आम आदमी पार्टी हरियाणा के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा ने कहा कि आचार संहिता के बावजूद सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। भारतीय जनता पार्टी ने राजनीतिक साजिश के तहत अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करवाया है। रोहतकमें अनुराग ढांडा हेलमेट लगाकर पहुंचे।

कैथलके पिहोवा चौक पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध प्रदर्शन किया। जिसकी अगुवाई इंडिया गठबंधन के कुरुक्षेत्र लोकसभा से प्रत्याशी सुशील गुप्ता कर रहे थे। आप कार्यकर्ताओं की पुलिस से खूब धक्का-मुक्की हुई, यहां तक की बैरिकेडिंग को तोड़ने की कोशिश भी की गई। जिसके बाद पुलिस ने सुशील गुप्ता समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और दूसरी जगह ले गए। क्योंकि मुख्यमंत्री नायब सैनी और नवीन जिंदल का भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम था और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी वहां पर जाने की जिद कर रहे थे।