IPL: सुपरसंडे होगा आज, खेले जाएंगे दो मुकाबले; दिल्ली-मुंबई और गुजरात-लखनऊ भिड़ेंगे!

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में हर रोज कई रोमांचक मैच खेले जा रहे हैं। ऐसे में रविवार (7 अप्रेल 2024) को दर्शकों को डबल रोमांच देखने को मिलेगा। आज के दिन दो मैच खेले जाएंगे जिसमें कई स्टार खिलाड़ी मैदान पर होंगे। पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टक्कर दिल्ली कैपिटल्स से होने वाली है। मैच का आयोजन मुंबई के होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में किया जाएगा। वहीं दूसरे मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना गुजरात टाइटंस से होने वाला है। मैच का आयोजन लखनऊ सुपर जायंट्स के होम ग्राउंड इकाना स्टेडियम में किया जाएगा।

इंडियन प्रीमियर लीग में रोमांचक रविवार को पहले मुकाबले में पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस का सामना अपने पहले खिताब की तलाश में जुटी दिल्ली कैपिटल्स से होगा। मुंबई इंडियंस का अभी तक आईपीएल 2024 में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। नए कप्तान के साथ उतरी टीम अभी तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है। ऐसे में वे उनके होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में जीत के ट्रेक पर लौटना चाहेंगे। वहीं दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स की टीम का सफर भी कुछ खास नहीं रहा है। टीम 3 में से केवल एक मैच ही जीत पाई है। दिल्ली कैपिटल्स को अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में टीम वापसी करना चाहेगी।

दूसरे मुकाबले में में लखनऊ सुपर जायंट्स की टक्कर गुजरात टाइटंस से होने वाली है। एक तरफ जहां लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम आरसीबी के खिलाफ जीत दर्ज करके आ रही है। वहीं दूसरी ओर गुजरात टाइटंस की टीम को पिछले मैच में पंजाब किंग्स ने मात दी है। मैच का आयोजन लखनऊ के होम ग्राउंड इकाना स्टेडियम में किया जा रहा है। मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स की कमान केएल राहुल के हाथों में है। वहीं गुजरात टाइटंस की कप्तानी शुभमन गिल के पास है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने अभी तक 3 में से दो मैच जीत लिए हैं। वहीं गुजरात टाइटंस की टीम ने 3 में से एक ही मैच जीता है।