दुर्ग बस हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, दुर्घटना में गई 15 लोगों की जान!

छत्तीसगढ़ में हुए बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख प्रकट किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उधर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णदेव साय ने हादसे को लेकर अपडेट दिया है कि घायलों के इलाज का समुचित प्रबंध किया गया है। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की बात कही जा रही है। हालांकि शुरुआत में आधिकारिक तौर पर 11 लोगों की मृत्यु बताई गई थी।

बता दें छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को कुम्हारी क्षेत्र में स्थित केडिया डिस्टिलरीज की बस कर्मचारियों को लेकर निकली थी और बस में लगभग 45 कर्मचारी सवार थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना मंगलवार रात साढ़े आठ बजे उस समय हुई, जब बस खपरी गांव के करीब पहुंची और अनियंत्रित होकर मुरम खदान में गिर गई। पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया है तथा खदान से बस को निकालने की कोशिश की जा रही है।

पीएम मोदी ने हादसे को लेकर ट्वीट किया कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बस दुर्घटना अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने इसमें अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हर संभव मदद करने में लगा हुआ है।

इससे पहले सीएम साय ने भी बस हादसे को लेकर दुख जताया था और बताया था कि हादसे में घायल हुए लोगों के इलाज की पूरी व्यवस्था की गई है और प्रशासन घायल हुए लोगों की देखरेख में जुटा हुआ  है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रकट किया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बस दुर्घटना में कई लोगों के मारे जाने की खबर बेहद दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना! मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।