सौ रुपए के लिए दोस्त की हत्या, ईंट से सिर कुचल कर बेरहमी से मार डाला!

यूपी/अमरोहा। सौ रुपए के विवाद में दोस्त का सिर ईंट से कुचल कर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद स्वजन ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया है।

यह घटना डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव डियोडी वाजिदपुर की है। यहां पर थान सिंह व अमर सिंह के परिवार रहते हैं। थान सिंह के पांच बेटे हैं। बड़ा बेटा वीरेंद्र सिंह मजदूरी करता था। गांव के ही अमर सिंह के बेटे संजय से उसकी दोस्ती थी। संजय भी मजदूरी करता है।

बताते हैं कि कुछ दिन पहले वीरेंद्र सिंह ने संजय के पिता अमर सिंह से 100 रुपए उधार लिए थे। सोमवार देर शाम वीरेंद्र मजदूरी कर घर वापस लौट रहा था। गांव में स्थित सरकारी अस्पताल के सामने उसे संजय मिल गया। वह शराब के नशे में था। संजय ने वीरेंद्र से उधार के पैसे मांगे। लिहाजा वीरेंद्र ने उसे 100 रुपए दे दिए।

सौ रुपये के 1500 बताने पर बढ़ा विवाद

आरोप है कि संजय सौ नहीं बल्कि 1500 रुपए बताने लगा। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। उनके बीच मारपीट होने लगी। अभी गांव के लोग उन्हें बचा पाते, संजय ने वीरेंद्र को नीचे गिरा लिया तथा सिर पर ईंट से वार कर दिया। ताबड़तोड़ हमला कर सिर कुचल दिया। जिससे वीरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।