पीलीभीत; अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई डीसीएम, तीन मजदूरों की मौत, 33 घायल!

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। असम हाईवे पर डीसीएम अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे उसमें सवार तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 33 से अधिक घायल हो गए। ये सभी मजदूरी करने मुरादाबाद जा रहे थे।

पीलीभीत में डीसीएम से मुरादाबाद से लखीमपुर खीरी जा रहे मजदूर शुक्रवार तड़के सड़क हादसे का शिकार हो गए। असम हाईवे पर गांव बिजनौर के पास डीसीएम चालक को झपकी आ गई। इससे डीसीएम अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई। 33 से अधिक घायल हुए हैं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को डीसीएम से बाहर निकाला और जिला अस्पताल भिजवाया। डीसीएम में बुरी तरह से फंसे चालक को पौन घंटे बाद बमुश्किल बाहर निकाला जा सका। गंभीर हालत में उसे भी जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया। जब यातायात सुचारू हो सका।

बताया जा रहा है कि डीसीएम में करीब 50 लोग सवार थे। ये सभी मुरादाबाद से लखीमपुर खीरी जा रहे थे। ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मृतकों के बारे में जानकारी जुटा रही है।