हरियाणा: नूंह में बड़ा हादसा,श्रद्धालुओं से भरी बस में लगी आग, 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत!

हरियाणा में शुक्रवार देर रात को कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा हादसा हो गया। नूंह के तावड़ू से गुजर रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस में भीषण आग लग गई। इस घटना में बस में सवार आठ लोग जिंदा जल गए, जबकि 2 दर्जन से अधिक लोग बुरी तरह झुलस गए है।

बताया जा रहा है कि बस में पंजाब और चंडीगढ़ के निवासी लोग सवार थे। वे मथुरा और वृंदावन से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। चलती बस में आग की लपटें देख स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। साथ ही खुद भी आग बुझाने का प्रयास किया।

फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। अब तक बस में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। इसके लिए पुलिस जांच कर रही है।

बस में 60 लोग सवार थे
बस में यात्रा कर रहीं श्रद्धालु सरोज और पूनम ने जानकारी दी है कि एक टूरिस्ट बस किराए पर लेकर वे मथुरा-वृंदावन के साथ वाराणसी दर्शन के लिए निकले थे। बस में कुल 60 लोग थे, जिनमें बच्चे भी हैं। शुक्रवार रात जब दर्शन कर लौट रहे थे, तभी देर रात करीब डेढ़ बजे बस में आग लग गई।

पीड़ितों ने बताया है कि वह आगे की सीट पर बैठी हुई थीं। जब घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को लगी तो वे मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने मदद कर हमें वहां से निकाल लिया। घायलों का कहना है कि बस में सवार लोग सभी नजदीकी रिश्तेदार हैं जो पंजाब और चंडीगढ़ के रहने वाले हैं।