कासगंज: कलश विजर्सन को गए पांच श्रद्धालु डूबे, तीन की मौत!

उत्तर प्रदेश के कासगंज में अखंड रामायण की पूर्णाहुति के बाद नहर में कलश विसर्जन के दौरान स्नान करते समय पांच लोग डूब गए। जिसमें दो लोगों को बचा लिया गया लेकिन एक नव विवाहित और दो किशोरियों का कोई पता नहीं चला। मंगलवार देर शाम एक युवती और दो किशोरियों के शवों को गोताखोरों ने बरामद कर लिया।

कासगंज सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रेखपुर में सोमवार को अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया था। मंगलवार अखंड रामायण की पूर्णाहुति के बाद काफी संख्या में लोग गोरहा नहर पर कलश विसर्जन करने और स्नान करने पहुंचे थे। उसी समय स्नान करने के दौरान पांच लोग नहर के गहरे पानी में चले गए। लोगों को डूबता देख स्थानीय लोगों ने नहर में छलांग लगा दी। जिसके चलते दो लोगों को बचा लिया गया लेकिन 22 वर्षीय संध्या पुत्री विनय, 14 वर्षीय साक्षी पुत्री सुमंत के अलावा 14 वर्षीय शम्मी पुत्री दुष्यंत का कोई पता नहीं चला। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस के अधिकारी और उप जिला अधिकारी तहसीलदार मौके पर पहुंचे और लापता लोगों की तलाश के लिए पीएसी के गोताखोरों को लगाया। गोताखोर लापता एक युवती और दो किशोरियों की तलाश में जुट गए। मंगलवार देर शाम कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने तीनों के शवों को बरामद कर लिया।