यूपी में अब मिलेगी गर्मी से राहत; 24 घंटे में तेजी से बदेलगा मौसम का मिजाज!

उत्तर प्रदेश में अब अगले दो तीन दिनों में मानसून दस्तक दे देगा। मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। जिस वजह से कई इलाकों में बारिश हो रही है, लेकिन कई इलाकों में अभी लोगों को भीषण गर्मी सता रही है। बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की और कई में मूसलाधार बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मगर शुक्रवार को कई इलाकों में फिर से तापमान में बढ़ोतरी हो गई और लू से लोग परेशान हो गए। इसी बीच मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी कर दिया है। आज भी कई जगहों पर बारिश होगी।

अगले 24 घंटे में बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में प्रदेश में मौसम बदलने वाला है। आज भी कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। लेकिन, 23 जून से देर-सबेर बरसात शुरू होगी। 24 तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के 50 फीसदी से अधिक इलाके बरसात से कवर होंगे। जबकि 26 तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी झमाझम होगी। वहीं, 30 जून तक रुक-रुककर बादल बरसेंगे। इस दौरान कई इलाकों में 30-35 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चलेगी। फिलहाल, मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है।

रविवार से बारिश का अंदेशा

बिहार, झारखंड और मध्यप्रदेश में मानसून दस्तक दे चुका है। अभी तक रफ्तार ठीक है। ऐसे में रविवार तक पूर्वी यूपी के लगभग सभी जिलों में मानसून पहुंचने की पूरी संभावना है। बिहार और झारखंड के कई इलाकों में शुक्रवार को बारिश होने के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश में ठंडी हवा चल रही है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन लखनऊ सहित प्रदेश के लगभग 25 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया।