मुरादाबाद; दामाद ने ससुर को लाठी-डंडों से पीटा; मौत, वजह कर देगी हैरान!

मुरादाबाद: कांठ के एक निजी अस्पताल में गुरुवार देर रात महिला के इलाज का बिल जमा करने को लेकर ससुराल और मायके वालों में मारपीट हो गई। इसमें बीमार महिला के पिता की मौत हो गई। महिला के मायके वालों ने दामाद और उसके भाइयों पर हत्या करने का आरोप लगाया। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या में एफआईआर दर्ज की है।

छजलैट थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर चौहरा में बदलू (60) का परिवार रहता है। परिवार में दो बेटे और पांच बेटियां हैं। वर्ष 2021 में बदलू ने मझली बेटी तैयबा की शादी गांव बीबीपुर के अहमद हसन के बेटे रफीक से की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए तैयबा को प्रताड़ित करते थे। कई बार पंचायतें भी हुईं, परेशान होकर तैयबा मायके आ गई। वह गर्भवती थी। 8-10 दिन पहले उसने एक बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। 19 जून को बदलू ने तैयबा को कांठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

गुरुवार रात बदलू ने अस्पताल से छुट्टी होने के बाद इलाज का बिल दामाद रफीक से जमा करने को कहा तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। अस्पताल में ही रफीक और उसके भाइयों ने ससुराल वालों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बदलू गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कांठ थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गैर इरादतन हत्या में बदलू के दामाद रफीक, भाई सफी और बहनोई मोहम्मद आरिफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।