एक साल में 11 कत्ल जानिए कौन है ये सीरियल किलर, क्यों करता था महिलाओं की हत्या

बरेली जिले में महिलाओं की हत्या करने वाले सीरियल किलर को गिरफ्तार कर लिया गया है।बताया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद वह महिलाओं से इतनी नफरत करने लगा कि उनकी हत्या करने लगा।

बरेली जिले के शाही और शीशगढ़ इलाके में महिलाओं की हत्या करने वाले सीरियल किलर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम कुलदीप गंगवार है। वह नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव बाकरगंज समुआ का निवासी है। उसकी मानसिक स्थिति सही नहीं है। कुलदीप की हरकतों की वजह से पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उसने महिलाओं की हत्या करना शुरू कर दिया। उसने सालभर के भीतर 11 महिलाओं की हत्या कर डाली।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक दस साल पहले कुलदीप की शादी भानपुर गांव निवासी लौंगश्री से हुई थी। उसकी हरकतों से परेशान लौंगश्री ने दूसरी शादी कर ली। बताते हैं कि तभी से वह महिलाओं से नफरत करने लगा। उसकी बुआ का घर शाही क्षेत्र के सब्जीपुर खाता गांव में है। यहां वह आता जाता था। पुलिस के मुताबिक कुलदीप ने ही महिलाओं से नफरत की वजह से उनकी सिलसिलेवार तरीके से हत्या की है। काफी जांच पड़ताल के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कई टीमों ने उसे घटनास्थलों पर ले जाकर घटना का रीक्रिएशन किया है। इसके बाद उसे बरेली लाया गया। दोपहर में घटना का खुलासा किया जाएगा। एसएसपी अनुराग आर्य शुक्रवार दोपहर दो बजे पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा करेंगे।