अशोक चव्हाण को ‘वाई-प्लस’ सिक्योरिटी; कांग्रेस से भाजपा में हुए थे शामिल

भाजपा नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को ‘वाई-प्लस’ श्रेणी में अपग्रेड कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि अशोक चव्हाण की सुरक्षा को ‘खतरे की आशंका’ है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि राज्य पुलिस ने मुंबई में चव्हाण के आवास और उनके गृहनगर नांदेड़ में भी सुरक्षा बढ़ा दी है। बता दें कि चव्हाण को पहले ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई थी।

भाजपा में शामिल हुए चव्हाण

‘वाई-प्लस’ कवर में दो सुरक्षाकर्मी शामिल होते हैं। अधिकारी ने कहा कि खतरे की आशंका को ध्यान में रखते हुए, राज्य पुलिस के वीआईपी सुरक्षा विभाग ने चव्हाण के सुरक्षा कवर को ‘वाई-प्लस’ श्रेणी में अपग्रेड कर दिया है। 65 वर्षीय चव्हाण पिछले सप्ताह कांग्रेस छोड़ने के बाद सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हुए थे। बाद में उन्हें महाराष्ट्र से राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा द्वारा नामांकित किया गया और मंगलवार को उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।