बरेली; निजी स्कूल की शिक्षिका की संदिग्ध हालत में मौत: घर में फंदे से लटका मिला शव!

बरेली में निजी स्कूल की शिक्षिका प्रिया गंगवार (28) की उनकी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज की खातिर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। शनिवार रात नौ बजे बारादरी थाना क्षेत्र की गणेशपुरम कॉलोनी निवासी शिक्षिका का शव उनकी ससुराल में फंदे से लटका मिला। ससुराल वाले उसे उतारकर निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया तो शव घर ले आए। पड़ोस की कॉलोनी अग्रसेननगर से प्रिया के पिता हरीश गंगवार भी मौके पर आ गए।

पड़ोसियों ने बताया कि प्रिया गंगवार और शिवांशु रस्तोगी ने एक साल पहले ही दोनों पक्षों की सहमति से प्रेम विवाह किया था। तब से प्रिया ससुराल में रहती थीं। वह राधा माधव स्कूल में पढ़ाती थीं।

प्रिया की सास अंजलि रस्तोगी ने बताया कि शनिवार सुबह ही वह प्रिया को लेकर उसके मायके उसके बदले व्यवहार की शिकायत करने गई थीं। शाम को बहू के साथ ही घर लौट आईं। अचानक प्रिया ने यह कदम क्यों उठा लिया, इस बारे में जानकारी नहीं है। वहीं मायके वालों ने दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि शव का रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।