केंद्रीय मंत्री बघेल बोले- अखिलेश ट्विटरपुत्र हैं, मुलायम धरतीपुत्र थे..

कन्नौज; केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए उन्हें सुविधाजीवी नेता बताया है। कहा कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह धरतीपुत्र थे, जबकि अखिलेश यादव ट्विटरपुत्र हैं। वह पूरे समय कमरे में रहते हैं। सिर्फ चुनाव आने पर बाहर निकलते हैं। लोकसभा चुनाव में जनता फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए 400 से ज्यादा सीटें जिताएगी। विपक्ष के लोगों में भय, भ्रम और भगदड़ है, इसलिए वह छिटककर एनडीए के साथ आ रहे हैं।

गुरुवार को शहर के नसरापुर रोड स्थित भाजपा कार्यालय पर प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था, लेकिन उसके शासन में गरीबी और भी बढ़ती चली गई। यह नारा देने वाली इंदिरा गांधी झूठी पीएम थीं। यदि उन्होंने वास्तव में गरीबी हटाई होती तो मोदी सरकार को देश में 80 करोड़ गरीब नहीं मिलते। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोद का बच्चा हैं तो राहुल गांधी पेट का बच्चा हैं। ऐसे में देश की जनता मोदी जी को दुलार कर रही है। 2047 में जब देश विकसित होकर महाशक्ति बनकर उभरेगा तो पूरे विश्व के बच्चे मोदी को जानेंगे।