बदायूं से सपा प्रत्याशी शिवपाल यादव का बीजेपी पर हमला; कहा बड़े घमंड में है भाजपा, कुछ भी कर सकती है!

लोकसभा चुनाव में सपा के प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव बृहस्पतिवार दोपहर बदायूं पहुंचे। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह तीन दिन बदायूं संसदीय क्षेत्र में रहेंगे। उनके बेटे आदित्य भी साथ रहेंगे। प्रचार की कमान आदित्य ही संभालेंगे। पहले दिन उन्होंने सपा पदाधिकारियों से मुलाकात की। जिले की नब्ज टटोली।

बदायूं पहुँच कर सबसे पहले नौशेरा स्थित बालाजी मंदिर में मत्था टेका फिर लालपुल पर बड़े सरकार की दरगाह पर हाजिरी लगाई और चादरपोशी की। यहां वे पार्टी के पदाधिकारियों से मिले और अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की।

लोकसभा चुनाव में अपना अभियान शुरू करते हुए सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने बृहस्पतिवार को उझानी में पत्रकारों से हुई बातचीत में भाजपा को निशाने पर रखा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से सत्ता में होने के कारण भाजपा घमंड में है। कुछ भी दावे करती है। कुछ भी कहती है लेकिन 10 वर्षों में सबको उनका सच समझ में आ गया है। इस बार उन्हें जवाब मिलेगा।

उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों का समूह ‘इंडिया’ प्रदेश में सभी 80 सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराएगा। पार्टी द्वारा बदायूं लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाए गए शिवपाल यादव ने यह भी कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा को उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं मिल रहा है। बदायूं पहुंचने पर शिवपाल यादव का भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने कहा, “बदायूं का विकास मेरी पहली प्राथमिकता होगी।”