धोनी की तरह राहुल गांधी भारतीय राजनीति के सर्वश्रेष्ठ ‘फिनिशर’ हैं -राजनाथ सिंह

भोपाल, छह अप्रैल केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तुलना महेंद्र सिंह धोनी से करते हुए हुए कहा कि धोनी की तरह वह भी मैच को जल्दी खत्म करने में माहिर हैं।

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक चुनाव प्रचार रैली में अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस का भ्रष्टाचार के साथ ‘‘अटूट’’ रिश्ता है। उन्होंने कहा, ‘‘ एक समय भारतीय राजनीति में कांग्रेस का दबदबा था, लेकिन अब केवल दो या तीन छोटे राज्यों में ही उसकी सरकार है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे कभी-कभी आश्चर्य होता है कि ऐसा क्यों हो रहा है, तो मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचता हूं। क्रिकेट में सबसे अच्छा ‘फिनिशर’ कौन है? (लोगों के जवाब देने के बाद) धोनी। अगर कोई मुझसे पूछता है कि भारतीय राजनीति में सबसे अच्छा ‘फिनिशर’ कौन है, तो मैं कहूंगा कि वह राहुल गांधी हैं। यही कारण है कि कई नेताओं ने कांग्रेस छोड़ दी है।’’

इससे पहले की एक रैली में सिंह ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने कसम खाई है कि जब तक वह कांग्रेस को ‘खत्म’ नहीं कर देंगे, तब तक वह नहीं रुकेंगे। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार परस्पर एक दूसरे से जुड़े हुए हैं तथा अधिकांश कांग्रेस सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार में किसी भी मंत्री के खिलाफ ऐसा कोई आरोप नहीं लगा।

रक्षामंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के साथ कांग्रेस के रिश्ते को सलमान खान अभिनीत फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के गाने ‘तू चल मैं आई’ से वर्णित किया जा सकता है। सिंह ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की भी वकालत की और दावा किया कि इससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कथन के विपरीत, एक साथ चुनाव होने से भारतीय लोकतंत्र मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव पांच साल में बस दो बार होने चाहिए- एक बार स्थानीय निकायों के लिए, उसके बाद विधानसभाओं और लोकसभा के लिए।

रक्षा मंत्री ने कहा कि कुछ बड़ी वित्तीय कंपनियां भविष्यवाणी कर रही हैं कि भारत 2027 की शुरुआत तक दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्था में होगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पहले ही देश की अर्थव्यवस्था को शीर्ष पांच में ला दिया है जो 10 साल पहले 11 वें स्थान पर थी।

सिंह ने कहा कि भारत 2045 तक महाशक्ति बन जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने कई वादे किए और अगर उनमें से कुछ वादे भी पूरे हुए होते तो भारत बहुत पहले ही एक शक्तिशाली देश बन गया होता।

सिंह ने कहा कि दूसरी ओर, भाजपा ने दस वर्षों में अपने सभी वादे पूरे किए। उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे सभी घोषणापत्र देखें और हमने जो कहा वह किया। हम 1984 से कह रहे हैं कि हम (अयोध्या में) राम मंदिर का निर्माण करेंगे…विपक्ष तारीख मांग रहा था। अब प्राण प्रतिष्ठा (रामलाल की मूर्ति की) हो चुका है।’’

इसके साथ ही उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पार्टी ने अनुच्छेद 370 को निरस्त किया और तीन तलाक पर रोक लगाई। उन्होंने कहा, ‘‘ हम सभी बहनों और माताओं के साथ खड़े हैं, चाहे उनका धर्म कुछ भी हो। अगर बहनों और माताओं की गरिमा और अस्तित्व खतरे में है तो भाजपा उनके साथ खड़ी रहेगी, चाहे हमारी सरकार रहे या न रहे।’’