बरेली-मुरादाबाद के बाद बदायूं में सपा को बड़ा झटका, बिसौली से सपा विधायक की बहन और पत्नी भाजपा में शामिल!

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस, सपा व बसपा को झटका देते हुए कई पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक शनिवार को भाजपा में शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री स्व रामनरेश यादव के पुत्र समेत कई एनजीओ संचालक भी भाजपाई हुए।

बसपा के पूर्व सांसद वीर सिंह, कांग्रेस से पूर्व सांसद  संतोष कुमार कटाई समेत कई नेताओं ने ली भाजपा की सदस्यता
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर सदस्यता ग्रहण कराई। इसमें प्रमुख रूप से बसपा के पूर्व सांसद वीर सिंह (मुरादाबाद), कांग्रेस से पूर्व सांसद व पूर्व विधायक संतोष कुमार कटाई (आजमगढ़), सपा से पूर्व सांसद व जिला पंचायत के अध्यक्ष प्रेमदास कठेरिया (इटावा), पूर्व मंत्री व सपा नेता डॉ. के.सी. पाण्डेय (गोरखपुर), पूर्व मंत्री सपानेत्री साधना मिश्रा (बरेली), सपा से पूर्व विधायक रमेश कुमार कुशवाहा (ललितपुर) और पूर्व मुख्यमंत्री स्व रामनरेश यादव के पुत्र अजय नरेश यादव (आजमगढ़) शामिल रहे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अपने- अपने क्षेत्र और अपने-अपने बूथ पर भाजपा को मजबूत करने के काम में जुट जाइए।

बदायूं में भी सपा को जोरदार झटका
बिसौली: समाजवादी पार्टी को बदायूं में बड़ा झटका लगा है। राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में वोट करने वाले बिसौली के सपा विधायक की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बहन और पूर्व पालिका अध्यक्ष पत्नी के साथ पूर्व सपा विधायक कुन्नू बाबू के बेटे भाजपा में शामिल हो गए। आशुतोष मौर्य को अब अपनी सदस्यता बचाने के लिए ही सपा में माना जा रहा है। शिवपाल सिंह को मैदान में उतारने के बाद बदायूं पर सपा का मजबूत दावा माना जा रहा है लेकिन कुछ समय से पार्टी के सामने एक के बाद एक मुश्किलें आ रही हैं। कुछ दिनों पहले शिवपाल ने अपनी जगह अपने बेटे को उम्मीदवार बनाने की बात कहकर एक सियासी हथियार भाजपा को पकड़ा दिया था। इसके बाद उनके एक वीडियो को भाजपा ने मुद्दा बनाया। अब एक और तगड़ा झटका लग गया।

बिसौली से सपा विधायक की बहन भाजपा में शामिल
बिसौली से सपा विधायक आशुतोष मौर्य की बहन पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चंद्रा और उनकी पत्नी पूर्व पालिका अध्यक्ष बिल्सी सुषमा मौर्य के अलावा बिसौली से पूर्व सपा विधायक दिवंगत योगेंद्र कुमार गर्ग उर्फ कुन्नू बाबू के के बेटे आशीष गर्ग ने शनिवार को लखनऊ में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इससे भाजपा में उत्साह का माहौल है।