बरेली; एसएसपी ऑफिस में डॉक्टर ने खाया जहर, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप!

बरेली। फर्जी मुकदमों से परेशान होकर इज्जतनगर के एक डॉक्टर ने बुधवार को एसएसपी ऑफिस में जहर खा लिया। इसकी जानकारी होते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। कोतवाली ने पुलिस टीम की मदद से डॉक्टर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उच्च अधिकारियों ने इस मामले में रिपोर्ट मांगी है।

प्रार्थना पत्र देने के बाद पी कीटनाशक दवा

इज्जतनगर थाना क्षेत्र के आलोक नगर कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय डॉक्टर सोमपाल का मुंशी नगर में क्लीनिक है। आलोक नगर में उनका 100 वर्ग गज में घर बना हुआ है। बताया गया है कि यह घर उन्होंने 20 साल पहले रामलाल अरोड़ा से खरीदा था। डॉक्टर सोमपाल बुधवार को प्रार्थना पत्र लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे। प्रार्थना पत्र देने के बाद उन्होंने कीटनाशक दवा पी ली, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। जानकारी होने पर पुलिस में खलबली मच गई।

आननफानन डॉक्टर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तबीयत में सुधार होने पर डॉक्टर ने बताया कि वो फर्जी मुकदमों से परेशान हो चुके हैं। इससे पहले भी उन्होंने कई बार प्रार्थना पत्र दिए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके कारण उनको यह कदम उठा पड़ा। डॉक्टर ने अपने पड़ोसी और उसके साथियों पर झूठे मुकदमे दर्ज कराने का आरोप लगाया है। डॉक्टर पर छेड़खानी और जमीन संबंधित छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फिलहाल जांच कर रही है।