कांग्रेस के लिए रायबरेली से राहुल गांधी और अमेठी से चुनाव लड़ेंगे केएल शर्मा!

कांग्रेस नेता राहुल गांधी रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन इस सीट के लिए उनकी उम्मीदवारी की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने केएल शर्मा को अमेठी से लोकसभा चुनाव का ट‍िकट द‍िया है। यह सीट राहुल गांधी 2019 के आम चुनाव में भाजपा नेता स्मृति ईरानी से हार गए थे।

राहुल गांधी आज ही अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इसको लेकर कांग्रेस कार्यलय में तैयारियां शुरू हो गई हैं। उधर, केएल शर्मा ने कहना है क‍ि अभी उनके पास अपनी उम्‍मीदवारी की जानकारी नहीं आई है।

कौन हैं केएल शर्मा?

केएल शर्मा मूलत: लुधियाना के निवासी हैं और लंबे समय से गांधी परिवार के करीबी हैं। अमेठी व रायबरेली में वही चुनावी रणनीति बनाने और संचालित करने का काम करते आए हैं। रायबरेली का जिम्मा तो वह अब तक पूरी तरह उठाते आए हैं। अमेठी में जरूर पिछले दो चुनाव उनके बजाय भोपाल निवासी राहुल के करीबी नेता चंद्रकांत दूबे कमान संभालते रहे हैं। हालांकि, वह इस बार नहीं दिख रहे। किशोरी लाल को सोनिया के लिए चाणक्य का किरदार निभाने वाला माना जाता है।