बरेली: लिव-इन में रह रही महिला की हत्या, हत्यारा प्रेमी फरार!

बरेली; लिव-इन में रह रही महिला की उसके प्रेमी जोगेंद्र यादव ने धारदार हथियार से वार कर मौत के घाट उतार दिया। फिर भाग खड़ा हुआ। दोपहर में महिला की मित्र जब पहुंची तो खून से लथपथ पड़ी सहेली को देखकर वह हैरत में पड़ गई। बिथरी पुलिस ने महिला की मां के शिकायती पत्र के आधार पर प्रेमी जोगेंद्र यादव के विरुद्ध प्राथमिकी लिख ली है।

बिथरी पुलिस के अनुसार, बारादरी के हरूनगला निवासी पिंकी सागर की 10 वर्ष पूर्व मदनलाल से शादी हुई थी। दोनों की एक बेटी मुस्कान है। शादी के दो साल बाद ही पिंकी का मदनलाल से झगड़ा हो गया। बातचीत नहीं बनी और दोनों अलग-अलग हो गए। इसके बाद पिंकी लिव इन रिलेशनशिप में बिथरी के मेहतरपुर करोड़ निवासी डेरी संचालक जोगेंद्र के साथ रहने लगीं।

छह माह से वह रामगंगा नगर के सेक्टर-7 में जोगेंद्र के साथ किराये के मकान में रहती थीं। कैंट के वीरांगना चौक क्षेत्र निवासी महिला मित्र बबली शनिवार दोपहर करीब दो बजे पिंकी के घर पहुंची। दरवाजे पर बाहर से कुंडा लगा था। कुंडा खोलकर वह अंदर पहुंची तो पिंकी खून से लथपथ पड़ी थी। कपड़े अस्त-व्यस्त थे। नजारा देखकर बबली चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागी। पुलिस को जानकारी दी गई।

बिथरी चैनपुर इंस्पेक्टर संजय तोमर फोर्स संग पहुंचे। फोरेंसिक टीम बुलाई गई। मां सावित्री को घटना की जानकारी दी गई। वह भी पहुंची। पुलिस को बताया कि बेटी पिंकी जोगेंद्र के साथ बतौर पत्नी रह रही थी। तीन मई को पिंकी व जोगेंद्र में विवाद हो गया। तभी उसने बेटी को देख लेने की धमकी दी थी। आरोप लगाया कि जोगेंद्र ने ही बेटी की हत्या की है। इसी शिकायती पत्र के आधार पर पुलिस ने जोगेंद्र यादव के विरुद्ध हत्या की धारा में प्राथमिकी लिख ली। आरोपित फरार है।

बिथरी चैनपुर पुलिस के अनुसार, बबली ने बताया शुक्रवार को दिन में उनके घर पर पिंकी और जोगेंद्र के बीच झगड़ा हुआ था। दोनों में गाली-गलौच तक हुआ। उस समय जोगेंद्र की परिचित संजना नाम की महिला भी साथ थी। उस समय जोगेंद्र ने पिंकी को देख लेने की धमकी दी थी।