यूपी; शादी में न बुलाने से नाराज युवक ने दुल्हे पर चला दी गोली!

यूपी के रामपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पनवड़िया में बुधवार रात शादी कार्यक्रम के दौरान दुल्हे की ही मौसेरे भाई ने दुल्हे को गोली मार दी। आरोपी शादी में नहीं बुलाए जाने से नाराज था। हमलावर तमंचा लहराता हुआ फरार हो गया। घायल दूल्हे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार होने पर बृहस्पतिवार शाम को शादी की रस्में अदा की गईं और दुल्हन को विदा कर दिया गया। वारदात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पनवड़िया की है।

जानकारी के अनुसार पनवड़िया निवासी हरदयाल की बेटी सविता की बरात बुधवार की शाम को उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर थाना क्षेत्र के गढ़ीनेगी कुंडा से आई थी। गढ़ीनेगी निवासी बुधवार की रात में करन दूल्हा बनकर बरात लेकर पहुंचा था। बरात चढ़त के दौरान लोग नाचते धर्मशाला से निकलकर समारोह स्थल के लिए रवाना हुए। बरात में दूल्हा करन बग्घी पर सवार होकर आगे बढ़ रहा था।

आधी रात करीब डेढ़ बजे बारात चढ़त के दौरान दूल्हे की बग्घी के आगे एक युवक ने तमंचा निकाल लिया। इसके बाद उसने फायर झोंक दिया। अचानक चली गोली दूल्हे के कंधे पर जा लगी। गोली लगते ही दूल्हा बग्घी से नीचे जा गिरा। गोली चलते ही बरात में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में लोगों ने हमलावर युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन हमलावर युवक घायल दूल्हे को धमकाते हुए तमंचा लहराते हुए फरार हो गया।

इस बीच लोगों ने किसी तरह घायल दूल्हे को लेकर लोग जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद वर व वधु पक्ष के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। घायल दूल्हे की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। दूल्हा बने करन की ओर से मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के लाजपतनगर निवासी मौसेरे भाई अजय कुमार के खिलाफ तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने अजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।