यूपी में 13 सीटों पर टक्कर भीषण, जानें चौथे चरण में कहां-कहां मतदान?

यूपी में चौथे चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार शनिवार शाम से थम गया। इस चरण में यूपी की 13 सीटों के लिए 13 मई को वोट पड़ने हैं। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण की 13 सीटों और ददरौल विधानसभा उप चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रविवार को रवाना होंगी। चौथे चरण का मतदान सोमवार को होगा। पोलिंग पार्टियों के रवाना होने से पहले सभी को हीट स्ट्रोक से बचने के साथ-साथ मेडिकल किट दी जाएगी।

इस चरण में उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। इसमें अकबरपुर, बहराइच, इटावा, खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, कन्नौज, शाहजहांपुर और कानपुर में वोटिंग होगी। इन सीटों पर 130 उम्मीदवार मैदान में हैं।

मौजूदा मोदी सरकार में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्र टेनी खीरी से भाजपा के उम्मीदवार हैं। कन्नौज से भाजपा के मौजूदा सांसद सुब्रत पाठक, धौरहरा से रेखा वर्मा, उन्नाव से साक्षी महाराज, इटावा सु. से रामशंकर कठेरिया, अकबरपुर से देवेन्द्र सिंह भोले, हरदोई सु. से जय प्रकाश रावत, शाहजहांपुर सु. से अरुण कुमार सागर को चुनाव मैदान में उतारा गया है। इस तरह से इस चौथे चरण में भाजपा के कुल नौ सांसद चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें केंद्रीय गृह राज्यमंत्री भी चुनावी मैदान में हैं।

अजय मिश्रा टेनी की सीट पर पूरे देश की नजर

केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी तीसरी बार खीरी लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। इस सीट पर पूरे देश की नजर है। किसान आंदोलन के दौरान टेनी के बेटे पर लखीमपुर में किसानों पर कार चढ़ाने का आरोप लगा है, जिसके चलते वह लंबे समय तक विवादों में बने रहे थे। इन विवादों के बावजूद भाजपा ने एक बार फिर से टेनी पर भरोसा जताया है। वहीं, यहां से सपा ने उत्कर्ष वर्मा ‘मधुर’ और बसपा ने अंशय कालरा को चुनावी मैदान में उतारा है।

उन्नाव से चुनावी मैदान में हैं साक्षी महाराज

उन्नाव लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद साक्षी महराज काफी चर्चा में बने रहते हैं। बीजेपी ने उन्हें एक बार फिर से उन्नाव से टिकट दिया है। पिछले चुनाव में उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की थी। इस सीट से सपा- कांग्रेस गठबंधन की प्रत्याशी अनु टंडन हैं, जबकि बसपा ने यहां अशोक कुमार पांडेय को चुनावी मैदान में हैं।