बरेली में 5 रुपये के बर्फ के विवाद में सूजा घोंपकर युवक की हत्या!

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिमी इलाके में एक बर्फ विक्रेता पर 5 रुपये के विवाद में युवक की सूजा घोंपकर हत्या करने का आरोप है। सूजे से पेट और सीने में कई वार किए गए। भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मौके से सूजा भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिमी कस्बा के मोहल्ला ठाकुरद्वारा निवासी शेर सिंह बर्फ बेचता है। बुधवार को वह पड़ोसी गांव माधोपुर में बर्फ बेचने गया था। शाम करीब साढ़े 5 बजे माधोपुर के संजू कश्यप (30) पांच रुपये का बर्फ खरीदने उसके पास पहुंचा था लेकिन शेर सिंह ने 5 रुपये का बर्फ देने से मना कर दिया। इसे लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। बाद में नौबत मारपीट तक जा पहुंची। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि शेर सिंह ने बर्फ तोड़ने वाले सूजे से संजू पर कई वार कर दिए। सुजा से उनके पेट और सीने पर वार किए गए।

हमले में संजू गंभीर रूप से घायल हो गया। संजू को परिजन अस्पताल ले गए। रात में इलाज के दौरान संजू की मौत हो गई। हमला कर संजू भागने लगा। भीड़ ने शेर सिंह को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। सीओ नितिन कुमार मौके पर पुहंचे। घटना की जानकारी ली। संजू की मां रामरती की तहरीर पर पुलिस ने शेर सिंह के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया। शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराने के बाद परिजनों को शव सौंप दिया।