झांसी: सबमर्सिबल पंप लगाते समय कुएं में गिरे 4 लोग, 2 की दर्दनाक मौत!

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक कुएं में सबमर्सिबल पंप लगाते समय 4 लोग कुएं में गिर गए। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत कर लोगों को कुएं से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही घटना की जानकारी पुलिस को दी।

घटना जिले के टहरोली थाना क्षेत्र के गांव बमनूआ की है। यहां के निवासी मिस्त्री राजू, डॉ. बाबूलाल (76), रमजू कुशवाहा (50), भीक दौदेरिया (22) शनिवार सुबह कुएं में सबमर्सिबल पंप लगा रहे थे। सभी कुएं के ऊपर बिछाए गए पत्थर पर खड़े थे। इस दौरान वजन अधिक होने के कारण पत्थर गार्डर समेट टूट गया। जिससे उस पर खड़े सभी लोग मलबे समेत कुएं में गिर गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी को कुएं से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान रमजू कुशवाहा और बाबूलाल दोंदेरिया की मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल 2 अन्य लोगों का इलाज चल रहा है।