पहली बार ओडिशा में होगी बीजेपी सरकार; उधर आज आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे चंद्रबाबू नायडू!

भाजपा पहली बार ओडिशा में अपनी सरकार बनाने जा रही है। भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण 12 जून यानी आज होना है। क्योंझर से विधायक मोहन चरण माझी भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उनके साथ राज्य के डिप्टी सीएम के रूप में केवी सिंह देव और प्रवती परिदा भी शपथ लेंगे। माझी के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 2:30 बजे पहुंचेंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम 5 बजे होगा। इसके लिए भुवनेश्वर के जनता मैदान को संवारा जा रहा है। ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि कई राज्यों के मुख्यमंत्री और जानी-मानी हस्तियां शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी।

माझी के नाम का एलान 11 जून को हुई विधायक दल की बैठक में किया गया। भाजपा ने वरिष्ठ पार्टी नेता राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव को ओडिशा में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। सीएम चुने जाने के बाद माझी ने कहा कि वह मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरी जाएंगे।

आज चंद्रबाबू नायडू आध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मंगलवार को टीडीपी और एनडीए ने नायडू को अपने विधायक दल नेता चुना था और वह चौथी बार बतौर सीएम आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। चंद्रबाबू नायडू के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद रहेंगे।

मंगलवार को विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद विजयवाड़ा में टीडीपी, भाजपा, जनसेना गठबंधन के नेताओं ने राज्यपाल एस अब्दुल नजीर से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया था। बुधवार को नायडू के साथ कई और नेता भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।