BJP ने यूपी MLC उपचुनाव के लिए घोषित किया प्रत्याशी; बहोरन लाल मौर्य पर लगाया दांव!

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अपना उम्मीदवार मैदान में उतार दिया है। बीजेपी ने बहोरन लाल मौर्य पर दांव लगाया है। राज्य मंत्री अरुण सक्सेना ने कहा कि मौर्य भोजीपुरा निर्वाचन क्षेत्र से दो बार 1996 और 2017 में विधानसभा के लिए चुने गए थे, लेकिन साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में वह सपा के शाजिल इस्लाम से 9,400 से अधिक मतों के अंतर से चुनाव हार गए थे। बहोरन लाल मौर्य प्रदेश सरकार में वित्त राज्य मंत्री और राजस्व राज्य मंत्री का पद भी संभाल चुके हैं।

बहोरन लाल मौर्य जल्द ही एमएलसी उपचुनाव के लिए नामांकन कर सकते हैं। उपचुनाव की अधिसूचना के मुताबिक दो जुलाई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 12 जुलाई को मतदान के बाद मतगणना होगी। विधानसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या को देखते हुए उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी की जीत तय मानी जा रही है।

बहोरन लाल मौर्य बदायूं के दातागंज के गांव फिरोजपुर के मूल निवासी हैं। बरेली में त्रिवटीनाथ मंदिर के पास आवास बनाया है। वर्ष 1996 में भाजपा से पहली बार भोजीपुरा के विधायक बने। इसी दौरान वित्त राज्य मंत्री और फिर राजस्व राज्य मंत्री का भी प्रभार संभाला।

वह वर्ष 2002 व 2007 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े लेकिन जीत नहीं मिली। 2012 का चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़े पर हार गए। वर्ष 2017 में भाजपा से फिर चुनाव लड़े और जीते। वर्ष 2022 में फिर चुनाव हार गए। पार्टी ने इन्हें विधानपरिषद का प्रत्याशी बनाकर मौर्य मतदाताओं को साधने की कोशिश की है।