मौनी अमावस्या आज : वाराणसी में गंगा के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़!

मौनी अमावस्या पर आज श्रद्धालु सर्वार्थ सिद्धि योग में उत्तरवाहिनी गंगा में डुबकी लगा रहे हैं। सूर्योदय के साथ ही स्नान, दान और पूजन के अनुष्ठान शुरू हो रहे हैं। अस्सी से राजघाट के बीच तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के स्नान करने की संभावना है। शुभ योग में मौनी अमावस्या का व्रत और स्नान करने से पूर्वज प्रसन्न होते हैं।

मौनी अमावस्या के दिन सबसे शुभ माना जाने वाला सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है। सर्वार्थ सिद्धि योग सुबह 7:05 बजे से रात 11:29 बजे समाप्त होगा। घाटों पर तीर्थ पुरोहितों के साथ ही सामाजिक संस्थाओं ने भी शिविर लगाने की तैयारियां देर रात तक पूरी कीं। सामाजिक संस्थाओं की ओर से गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक जगह-जगह शिविर लगाए जाएंगे।

पश्चिम वाहिनी स्नान पर्व आज
मौनी अमावस्या पर लगने वाले पचबहनी (पश्चिम वाहिनी) स्नान पर्व पर लगने वाले मेले की सभी तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। पुलिस ने गंगा घाटों व कस्बों में जगह-जगह बैरिकेडिंग की है। मौनी अमावस्या पर क्षेत्र के गौराउपरवार, चंद्रावती, मुरीदपुर, परनापुर, सरसौल, बलुआघाट तक पचबहनी स्नान के लिए शहर व देहात के अलावा जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर सहित कई जनपदों से आकर स्नान कर मन्नतें भी मांगते हैं।

स्नान के बाद मेले में लोग खरीदारी करते हैं। मेले की तैयारी में जुटे प्रभारी निरीक्षक विद्याशंकर शुक्ला ने बताया कि लाखों की संख्या में आने वाले स्नानार्थियों को कोई असुविधा न हो इसके लिए जगह बैरिकेडिंग व घाटों पर पुलिस, महिला पुलिस, यातायात पुलिस के अलावा गोताखोर तैनात रहेंगे।