बरेली; सेवानिवृत्त दरोगा के बेटे ने खुद को मारी गोली!

बरेली जिले के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक (दरोगा) के युवा बेटे ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। घटना बृहस्पतिवार रात की है। गोली की आवाज सुनकर जब परिजन कमरे में पहुंचे तो इंजीनियर का खून से लथपथ फर्श पर पड़ा देख चीख-पुकार मच गई।

थाना सुभाषनगर क्षेत्र के तिरुपति विहार कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त दरोगा प्रेम प्रकाश के बेटे सोनू (30) ने बृहस्पतिवार की रात खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।

बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार रात 8:30 बजे सोनू मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में थे, जबकि माता-पिता व छोटी बहन नीचे थे। इसी दौरान एकाएक गोली चलने की आवाज आई तो सभी लोग ऊपर कमरे की ओर भागे। वहां सोनू खून से लथपथ पड़े थे। कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।

कमरे में मिला तमंचा 
सूचना पर पहुंचे करगैना चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र देशवाल ने कमरे में पड़े तमंचे व खोखे को कब्जे में ले लिया। पूछताछ में पिता ने पुलिस को बताया कि सोनू दो साल से फेफड़ों के कैंसर से जूझ रहे थे। उनका दिल्ली में इलाज चल रहा था।

कीमो कराने के लिए एक-दो दिन में दिल्ली जाना था। परिवार वालों ने सोनू को काफी धैर्य बंधाकर रखा था कि वह जल्द ठीक हो जाएंगे। वह घर से ही किसी निजी कंपनी के लिए काम भी करते थे। एकाएक वह ऐसा आत्मघाती कदम उठा लेंगे, परिवार में किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था।