महाराष्ट्र के पूर्व सीएम मनोहर जोशी का निधन, मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में ली अंतिम सांस!

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता मनोहर जोशी का 86 की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में शुक्रवार (23 फरवरी) सुबह अंतिम सांस ली। मनोहर जोशी को बुधवार को हार्ट अटैक आया था। तब से वे ICU में भर्ती थे। मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान में आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उन्होंने एक टीचर के रूप में अपना करियर शुरू किया था। जोशी 1967 में पॉलिटिक्स में आए। वे 40 साल से ज्यादा समय तक शिवसेना से जुड़े रहे।

शिवसेना के दिग्गज नेताओं में शुमार 86 वर्षीय मनोहर जोशी को पिछले वर्ष मई में मस्तिष्काघात के बाद इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जोशी वर्ष 1995 से 1999 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे और वह अविभाजित शिवसेना की ओर से राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले नेता थे।
वह सांसद भी रह चुके हैं और 2002 से 2004 तक केंद्र की वाजपेयी सरकार में लोकसभा अध्यक्ष के पद पर रहे थे। शुरुआती दिनों में वह आरएसएस से जुड़े थे और उसके बाद राजनीतिक करियर शिवसेना के साथ शुरू किया था।