बरेली बनाएगा विश्व रिकॉर्ड, सीएम योगी के साथ बजाएंगे 10 हजार लोग डमरू

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सात मार्च को बरेली का दौरे पर जा सकते हैं। यह दौरा उनका लोकसभा चुनाव से ठीक पहले का होगा। इस दौरान पूरे शहर का माहौल शिवमय हो जाएगा। पांच दिवसीय कार्यक्रम को बदलकर एक दिन का किया गया है। कार्यक्रम स्थल का भी अभी पक्का नही है कि कहाँ पर कार्यक्रम होना है।

अनुमान है कि बरेली कॉलेज के मैदान पर सांस्कृतिक संध्या और नाथ महोत्सव का आयोजन होगा। जहां पर एक साथ दस हजार लोग एक जैसे कपड़े पहनकर डमरू बजाएंगे। इसे विश्व रिकॉर्ड के तौर पर दर्ज कराने की तैयारी हो रही है। इस कार्यक्रम को लेकर अफसर तैयारियों में जुट गए हैं।

दस हजार डमरू की होगी जरूरत
डीएम रविंद्र कुमार आज शनिवार को बैठक कर इस कार्यक्रम को अंतिम रूप दे सकते हैं। इस कार्यक्रम के जरिए विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारियां चल रही हैं। इस कार्यक्रम के लिए बीडीए को जिम्मेदारी दी गई है कि दस हजार डमरू की व्यवस्था करें। तो वहीं दो हजार डमरू आ भी गए हैं। बता दें कि इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वालों का चयन पर्यटन विभाग के अधिकारी करेंगे। प्रशासन के एक अफसर के अनुसार कार्यक्रम लगभग तय हो गया है। शासन से हरी झंडी मिलते ही घोषणा कर दी जाएगी।