आज दिखा चाँद तो कल मनाई जाएगी ईद; बाज़ार में बढ़ी रौनक!

भारत में ही नहीं बल्कि दुनियाभर में ईद को लेकर तैयारियां चल रही हैं। लोग ईद के चांद का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस्लामिक कैलेंडर में रमजान साल का नौवां महीना है और दसवां महीना शव्वाल है और इसी महीने के पहले दिन इस्लाम धर्म को मानने वाले ईद मनाते हैं। आपको बता दें कि मुसलमानों के लिए ईद का त्योहार रोजे के अंत का प्रतीक होता है।

भारत में 09 अप्रैल, 2024 को शाम के समय चांद दिखता है तो ईद अगले दिन यानी बुधवार 10 अप्रैल, 2024 को मनाई जाएगी। अगर इस दिन भी चांद नहीं नजर आता है तो भारत समेत अन्य दक्षिण एशियाई देशों में मुसलमान अगले दिन भी उपवास या रोजा रखेंगे। फिर 10 अप्रैल दिन बुधवार को इफ्तार के बाद चांद नजर आएगा और ईद गुरुवार यानी 11 अप्रैल 2024 को मनाई जाएगी।

ईद की खरीदारी चरम पर
शहर की चारदीवारी में ईद की खरीदारी चरम पर है। मुसलमनों में एक तरफ अलविदा माह-ए-रमजान के जाने का ग़म है, वहीं ईद के आने की खुशी भी है। मुस्लिम समाज के लोग ईद की तैयारी में जुटे हैं। बाजारों में ज़्यादातर लोग कुर्ते-पायजामा, टोपी, सेवईयां और ड्राई फ्रूट्स की खरीदारी कर रहे हैं। परकोटे में शॉपिंग का आलम यह है कि देर रात तक दुकानों पर खरीदारी की जा रही है। ईद को लेकर बच्चों में अलग ही खुशी है।