बरेली; पहले दोस्‍ती, फिर प्‍यार, लड़की ने धर्म परिवर्तन कर रचाई शादी!

बरेली के शाही क्षेत्र के रहने वाले धर्मवीर के प्यार की खातिर रामपुर की फरहाना अब पल्लवी बन गईं। फरहाना ने अपना धर्म बदल लिया। दोनों ने बरेली के अगस्त्य मुनि आश्रम में मंगलवार को सात फेरे लिए। फरहाना ने हिंदू धर्म में आस्था जताई। करीब पांच साल से दोनों को प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को दोनों के प्यार को नया मुकाम मिल गया।

रामपुर के मिलक थाने के गांव करपिया निवासी फरहाना उर्फ पल्लवी ने बताया कि वह परिवार के साथ चंडीगढ़ में रहकर काम करती थीं। वहीं बरेली के शाही थाने के विक्रमपुर कुल्छा निवासी धर्मवीर भी परिवार के साथ रहकर काम करते थे। इसी दौरान धर्मवीर से मुलाकात हुई। उनके बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और दोस्ती हो गई। यह दोस्ती प्यार में बदल गई।

दोनों ने कुछ समय पहले शादी का फैसला कर लिया। अलग मजहब की वजह से फरहाना के घरवाले तैयार नहीं थे। फिर दोनों किसी से जानकारी करके बरेली के अगस्त्य मुनि आश्रम पहुंचे। दोनों ने विवाह करने की इच्छा जताई।
पल्लवी का कहना था हिंदू धर्म में उसकी पहले से आस्था थी। यहां तीन तलाक व हलाला जैसा डर नहीं है बल्कि नारी को शक्ति के रूप में सम्मान दिया जाता है। फरहाना ने कहा कि उसने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया है। इसमें किसी की जोर जबरदस्ती नहीं है। वह शादी करके खुश है।