बरेली; ताला तोड़कर चोरों ने उडाये 15 लाख के गहने!

बरेली: लालफाटक रोड पर रामेश्वर धाम कॉलोनी में शुक्रवार रात चोर एक घर के मेन गेट का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये के जेवर, कैश और कीमती सामान चुरा ले गए। रामेश्वर धाम में रहने वाले अशोक पाल सिंह तोमर की ससुराल बदायूं के कस्बा बिल्सी में है। वहां शुक्रवार को अखंड रामायण का पाठ कराया गया था। वह परिवार के साथ दिन में ही बिल्सी चले गए थे।

रात को किसी वक्त रामेश्वर धाम में उनके घर के मेन गेट का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़कर करीब 12 लाख के सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये निकाल लिए। बेड बॉक्स में रखी महंगी साड़ियां और कीमती सामान निकालने के बाद चोर अशोक पाल की नई बाइक पर सवार होकर भाग गए। तड़के पड़ोसियों ने घर का मेन गेट खुला देखा तो अशोक पाल को सूचना दी।

घर आने के बाद अशोक ने थाना कैंट में तहरीर दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया, लेकिन देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की। वहीं, सीसीटीवी कैमरे में चोरी के बाद अशोक की बाइक पर तीन चोर कॉलोनी के मेन गेट से निकलते दिख रहे हैं। फिलहाल, फुटेज पुलिस को दे दी गई है।