शिवरात्रि स्पेशल; बरेली के शिवालयों में हर-हर महादेव की गूंज; मंदिरों में भक्तों की लगी लम्बी कतारें!

बरेली के ऐतिहासिक नाथ मंदिर पौराणिक इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को संजोए हैं। लोक आस्था का केंद्र ये शिवालय शहर को नाथ नगरी की पहचान दे रहे हैं। कहा जाता है कि आक्रांताओं से शहर को सुरक्षित रखने के लिए इन नाथ मंदिरों की स्थापना हुई थी। मान्यता है कि यहां पहुंचने वाले भक्तों की हर मनोकामना पूरी होती है।

बरेली में महाशिवरात्रि के पर्व का उल्लास छाया हुआ है। सुबह होते ही शिवालयों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कुछ मंदिरों में मध्य रात्रि से ही श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक शुरू कर दिया। भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए शहर के सभी शिवालयों को भव्य सजावट की है।

बरेली में महाशिवरात्रि पर्व पर मंदिरों में विशेष तैयारी की गई। शहर से लेकर कस्बे और गांव भगवान शिव की भक्ति में शिवमय नजर आ रहे हैं। शिवालयों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। पूजन के लिए मंदिरों पर विशेष साज-सज्जा की गई। चहुंओर हर-हर महादेव और बम-बम भोले की गूंज के साथ तमाम टोलियां भी शिवालयों में पहुंचीं। शिवालयों में जलाभिषेक व भगवान शिव का भव्य श्रृंगार किया गया। शिव का मनमोहक श्रृंगार देखकर श्रद्धालु निहाल हो रहे हैं।

बाबा अलखनाथ मंदिर, बाबा त्रिवटी नाथ मंदिर, बाबा बनखंडी नाथ मंदिर, बाबा धोपेश्वर नाथ मंदिर, श्री तपेश्वर नाथ मंदिर, श्री मढ़ीनाथ मंदिर व श्री पशुपति नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ होने के मद्देनजर भोले नाथ के दर्शन कराने के लिए विशेष व्यवस्था की गई।