बरेली: ऐतिहासिक ‘राम बारात’ में हुरियारों ने बरसाए रंग; हर गली और चौक-चौराहे पर हुआ स्वागत!

बरेली; बड़ी बमनपुरी की विश्व प्रसिद्ध 164वीं रामलीला के अवसर पर श्रीरामलीला सभा की ओर से आज नाथनगरी में भव्य राम बारात निकाली गई। जिसमें रथों पर सवार तमाम देवी-देवाओं के स्वरूपों की झांकियां शामिल रहीं। इस राम बारात में बहुत बड़ी संख्या में हुरियारे शामिल हुए, जो शहर में विभिन्न चौक-चौराहों पर रंग बरसाकर शहर के लोगों को होली के रंग में सराबोर करते चल रहे थे।

राम बारात का शुभारंभ रामलीला सभा के अध्यक्ष सर्वेश रस्तोगी, डॉ. विनोद पागरानी सहित समस्त पदाधिकारियों ने किया। राम बारात के आगे बढ़ते ही पूरा वातावरण जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। राम बारात बिहारीपुर के रास्ते से आगे बढ़ते हुए कुतुबखाना पहुंची। इसमें राम दरबार के अलावा मोर्चे के लिए दो ट्रॉलियां शामिल रहीं। जिस पर हुरियारों की टोली रंग बरसाते चल रही थीं।

इसी दौरान चाहबाई से निकाली गई नृसिंह शोभा यात्रा भी राम बारात के साथ शामिल हो गई। फिर यह दोनों यात्राएं जिला अस्पताल मार्ग से नावल्टी पहुंची जहां मोर्चा खेलने के बाद, रोडवेज होते हुए कालीबाड़ी पहुंची, यहां कई जगह पर डट कर मोर्चाबंदी हुई। राम बारात श्यामगंज से होते हुए साहू गोपी नाथ से मठ की चौकी होकर शिवाजी मार्ग पहुंची। यहां पर भी मोर्चांबंदी का नजारा देखने को मिला।

इस ऐतिहासिक राम बारात का नाथ नगरी की हर गली और चौक-चौराहे पर रंग, अबीर-गुलाब और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।