बरेली: अस्पताल में चोरी हुआ शिशु, जांच में जुटी पुलिस !

बरेली में एक निजी अस्पताल से नवजात शिशु के गायब होने का मामला सामने आया है। पीलीभीत के दंपती ने अपने 22 दिन के बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। उसे मशीन में रखा गया था। सोमवार सुबह परिजनों को बच्चा मशीन में नहीं मिला। इस मामले में इज्जतनगर थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस अस्पताल के स्टाफ से पूछताछ कर रही है। परिजनों ने बच्चा चोरी होने की आशंका जताई है।

पीलीभीत के गांधी स्टेडियम के पास रहने वाले सुशील कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी कोमल ने 22 दिन पहले बेटे को जन्म दिया था। बच्चे की हालात में सुधार नहीं हो रहा था तो उन्होंने बरेली के निजी अस्पताल में उसे एडमिट कराया। चार दिन से बच्चा यहां भर्ती था और परिवार के लोग भी अस्पताल परिसर में ही रह रहे थे। रविवार रात दो बजे के बाद बच्चा मशीन में नहीं था। सोमवार की सुबह छह बजे परिवार को उसकी जानकारी हो सकी तो उन्होंने अस्पताल में हंगामा किया। इज्जतनगर थाना पुलिस तहरीर लेकर जांच में जुट गई है।